महेंद्रगढ़ में पीएम मोदी का विपक्ष पर वार... बोले- गठबंधन को डाला वोट बेकार ही होगा, ‘चौधरी बंसीलाल के साथ मिलकर चलाई सरकार’
पीएम मोदी ने हरियाणा के महेंद्रगढ़ में अपनी रैली की। ये पीएम मोदी की हरियाणा में तीसरी रैली थी। पीएम मोदी इससे पहले अंबाला और सोनीपत में अपनी रैलियां कर चुके हैं।पीएम मोदी ने अपनी महेंद्रगढ़ की रैली में भिवानी-महेंद्रगढ़ और गुरुग्राम के प्रत्याशी के लिए वोट की अपील की।पीएम मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत हरियाणवी बोली करते हुए सबसे कहा, राम-राम भाई । पीएम मोदी ने कहा कि हरियाणा में आउं और यहां की पुरानी यादें ताजा ना हों, ऐसा हो नहीं सकता। उन्होंने कहा कि यहां भी और वहां भी बहुत पुराने चेहरे नजर आ रहे हैं। पीएम मोदी ने हरियाणा से अपनापन जताते हुए कहा कि हरियाणा तो वर्षों तक एक तरह से मेरा घर ही बन गया था। उन्होंने कहा कि मुझे राजनीति की बहुत सारी शिक्षा हरियाणा और पंजाब से मिली।

पीएम मोदी ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि मैंने प्रभारी के तौर पर यहां काम किया है। मनोहर लाल संगठन महामंत्री थे। मैंने यहां माता-बहनों के हाथ का खाना बहुत खाया है। नारनौल के हलवाई, और महेंद्रगढ़ की मिठाई का उन्होंने जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि जित सीधा-साधा खाना वो मेरा हरियाणा। पीएम ने कहा कि हरियाणा के घी-मक्खन का जोर आज पूरी दुनिया देख रही है। उन्होंने कहा कि सारी भारत विरोधी ताकतें लगी रहती हैं, लेकिन मोदी इनके झुकाए नहीं झुकता है।
पीएम मोदी ने कहा कि मोदी को आपका कर्ज चुकाने के लिए अभी बहुत काम करना है। हमारे हरियाणा को नई ऊंचाई पर लेकर जाना है। जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ये चुनाव देश का प्रधानमंत्री चुनने का है। आप प्रधानमंत्री ही नहीं, देश का भविष्य चुनेंगे। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि एक ओर आपका जांचा परखा सेवक मोदी है। दूसरी ओर कोई अता-पता ही नहीं है।

पीएम मोदी ने इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि गाय ने दूध दिया नहीं ये घी खाने को तैयार। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन पांच साल में पांच प्रधानमंत्री बनाने की बात करता है। इस बात पर हरियाणा वाले पांच हजार से ज्यादा चुटकुले बना चुके होंगे। कहा कि पांच चरणों में इंडी गठबंधन का ढोल फट चुका है।पीएम मोदी ने कहा कि इनकी यानी कांग्रेस की सरकार सात जन्म में भी नहीं बनने वाली है। कांग्रेस को दिया वोट बेकार ही होना है। इसलिए आपको सरकार बनाने के लिए वोट करना है और सरकार किसकी बनने जा रही है। किसकी सरकार बनेगी, ये बच्चे-बच्चे को पता है। 24 के चुनाव में पूरा देश कांग्रेस की सच्चाई जान गया है।

पीएम मोदी ने कहा कि इन लोगों ने वोट बैंक के लिए देश का विभाजन करवाया है। एक भारत और दो मुस्लिम राष्ट्र बनाए। अब बचे हुए भारत पर भी पहला अधिकार मुसलमान का है ये कह रहे हैं। इन्होंने एससी-एसटी, ओबीसी जिनको बाबा साहेब ने जो आरक्षण दिया उसको छीन कर वोट जिहाद करने वाले लोगों को देना चाहते हैं। आपने कल अखबारों में देखा टीवी पर देखा होगा। बंगाल की हाईकोर्ट का जजमेंट आया और बंगाल में भी इंडी जमात का एससी-एसटी आरक्षण के खिलाफ उनकी सोच का भंडा फूट गया है।

पीएम मोदी ने हरियाणा कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने हरियाणा को लूटने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी थी। उन्होंने काह कि मैंने तो अपनी आंखों से देखा है कि कांग्रेस के वक्त हरियाणा का क्या हाथ था? जो मुख्यमंत्री बनता था, वो अपने जिले से बाहर देखता ही नहीं था। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई क्षेत्र नहीं, जिसे लूटने का खुला खेल ना चलता हो। नौकरी दिलवाने के नाम पर ये लोग जमीनें बिकवा देते थे। ट्रांसफर-पोस्टिंग की तो खुली इंडस्ट्री चलती थी।पीएम मोदी ने बाजरे के बारे में बात करते हुए बताया कि बाजरे को मैंने सुपर फूड बना दिया। मैं मोटे अनाज का ब्रैंड अंबेसडर बन गया हूं। जी-20 में मैंने दुनिया की सब ताकतों को बाजरा खिलाया और उनसे कहा कि ये सुपर फूड है।

पीएम मोदी ने चौधरी बंसीलाल का जिक्र करते हुए कहा कि हमने चौधरी बंसीलाल के साथ मिलकर सरकार चलाई। वो हरियाणा के विकास के लिए कटिबद्ध थे। उन्होंने कहा कि बंसीलाल से मेरी बहुत निकटता थी। उनके पास अनुभव की इतनी बातें हुआ करती थी। वो मुझे बहुत प्यार करते थे। सब महापुरुषों से प्रेरण लेकर ये मेरी गारंटी है कि हरियाणा का विकास नहीं रुकने देंगे। इसलिए 25 मई को भिवानी-महेंद्रगढ़ से चौधरी धर्मबीर सिंह और गुरुग्राम से राव इंद्रजीत सिंह मेरे इन दोनों साथियों को भारी बहुमत से विजय बनाएं और आप जो कमल के निशान पर वोट देंगे ना वो सीधे मोदी के खाते में जाएगा।